IT RAID: अफसरों की जांच के बाद जय अंबे इमरजेंसी सर्विसेस कर चोरी स्वीकारी, 30 करोड़ रुपए सरेंडर किए

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 108 एम्बुलेंस सेवा संचालित करने वाली जय अंबे इमरजेंसी सर्विसेस पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने कर चोरी स्वीकार करते हुए 30 करोड़ रुपए सरेंडर किए हैं।
आयकर विभाग की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कंपनी ने अपनी स्थापना लागत और खर्चों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया था। इसके अलावा, फर्जी बिलिंग के जरिए कर की देनदारी से बचने की कोशिश की जा रही थी।
इस मामले में मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा करन और प्रधान आयकर आयुक्त प्रदीप हेड़ाऊ की निगरानी में कार्रवाई की गई। संयुक्त आयकर आयुक्त बीरेंद्र कुमार और उप आयकर आयुक्त राहुल मिश्रा ने 20 कर जांचकर्ताओं के साथ जांच की और संदिग्ध लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की। आयकर विभाग ने पाया कि कंपनी किराए के भवन में चलने के बावजूद अपने खर्चों को असामान्य रूप से ज्यादा दिखा रही थी। इसके बाद जांच टीम ने कंपनी के अकाउंट डिपार्टमेंट से तीन डेस्कटॉप और चार लैपटॉप की एंट्रीज की जांच की।





