Doubt: कब्र से निकाला गया युवती का शव, हत्या का आरोप

हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले के दाउदनगर गांव के लालवन टोला वार्ड नंबर 8 में एक चौकाने वाली घटना सामने आई है। यहां स्वजनों पर 20 वर्षीय युवती की हत्या कर उसका शव दफनाने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने कब्र से शव बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजनी कुमार और स्थानीय पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कब्र खोदी और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान रुबीना खातून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात युवती की संदिग्ध मौत हुई थी और परिवार ने शव को दफनाने का दावा किया था। स्थानीय लोगों ने इस मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की कि लड़की की हत्या की गई है, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
पेट दर्द के कारण बेटी मरी
युवती के पिता ने पुलिस से कहा कि उनकी बेटी रविवार रात पेट दर्द के कारण मरी थी, और घर के लोग उसे अस्पताल ले जाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। लेकिन स्थानीय लोग इस मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने मृतका के पिता को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इस हत्या के असली कारण का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
वैशाली के थानाध्यक्ष रविंद्र पाल ने पूरे मामले में कहा, कि
स्थानीय लोगों के द्वारा एक लड़की की हत्या करके शव दफनाने की शिकायत मिलने के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। मृतक स्थानीय मोहम्मद लतीफ की पुत्री रुबीना खातून थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। मृतक के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।





