SANSAD: संसद में आज भी हंगामे के आसार, आयकर- वक्फ बिल पर पेश होगी समिति की रिपोर्ट

दिल्ली। संसद में बजट सत्र के पहले चरण का आज आखिरी कामकाजी दिन है। आज वक्फ (संशोधन) विधेयक पर विचार करने वाली संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की रिपोर्ट लोकसभा और राज्यसभा में पेश की जाएगी।
इस रिपोर्ट को जेपीसी अध्यक्ष जगदंबिका पाल सदन के पटल पर रखेंगे, जिसमें विधेयक से संबंधित रिपोर्ट और साक्ष्यों का रिकॉर्ड शामिल होगा। विपक्षी सांसद इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं, जिससे आज संसद में हंगामे के आसार हैं।
इसके अलावा, संसद में आयकर विधेयक 2025 भी पेश किया जाएगा। यह विधेयक आयकर प्रावधानों को सरल तरीके से पेश करने के लिए तैयार किया गया है। इसमें ‘आकलन वर्ष’ की जगह ‘कर वर्ष’ की संकल्पना रखी गई है, जो जटिल शब्दावली को आसान बनाने का प्रयास है। आज संसद में इन दोनों मुद्दों पर चर्चा होगी, और उम्मीद की जा रही है कि हंगामे के साथ ही दोनों विधेयकों पर विचार किया जाएगा।





