Municipal body elections: भाजपा संभागीय चुनाव समिति की हुई बैठक, पार्षदों के लिए सिंगल और महापौर के लिए तीन नामों का पैनल तय

Municipal body elections (बिलासपुर) : प्रदेश में स्थानीय निकाय के चुनाव की घोषणा के साथ ही अब दोनों ही प्रमुख राजनीतिक पार्टियों भाजपा और कांग्रेस के द्वारा प्रत्याशियों के चयन को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। लगातार बैठकों का दौर जारी है। तो वहीं चुनाव समितियां के द्वारा उम्मीदवारों के नाम को अंतिम मुहर लगाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को बिलासपुर संभाग के नगर निगम, नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद के पार्षदों के साथ महापौर और अध्यक्ष के नाम को लेकर दिनभर मंथन चलता रहा।
चुनाव समिति के द्वारा नगर पालिका और नगर पंचायत के साथ नगर निगम के पार्षदों के लिए सिंगल नाम जबकि महापौर और अध्यक्ष के लिए तीन-तीन नाम का पैनल बनाकर प्रदेश कार्यालय भेजा गया है। सुबह से ही भाजपा कार्यालय में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, संभाग के सांसद और विधायक इस बैठक में मौजूद रहे। जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में जिला और मंडल स्तर से आए उम्मीदवारों के चयन प्रक्रिया और जीतने वाले उम्मीदवारों पर फोकस करते हुए उनके टिकट के दावेदारी पर मुहर लगाई।
पार्षदों के लिए सिंगल नाम को लिफाफे में बंद कर प्रदेश कार्यालय भेजा गया तो वहीं अध्यक्ष और महापौर के लिए भी यही प्रक्रिया अपनाते हुए गुरुवार को चयन प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया। अब उम्मीद जताई जा रही है कि 24 जनवरी को भाजपा पार्षद, महापौर और अध्यक्ष के लिए उम्मीदवारों का ऐलान होगा।





