मौसम विभाग ने शनिवार को भी कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में 22-23 जनवरी को हल्की बारिश और ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है। वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी थमने के बाद धूप खिली है, लेकिन ठंड बरकरार है। पंजाब के कई जिलों में शुक्रवार को घना कोहरा देखा गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में हिमपात और बारिश का सिलसिला 20 से 23 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है।

वहीं, राजस्थान में तापमान में गिरावट लगातार जारी है। हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री तक पहुंच गया है। उधर, मध्य प्रदेश के 18 शहरों में कोल्ड डे की स्थिति देखी गई। मौसम विभाग ने कहा है कि देश के 4 उत्तरी राज्यों (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में बर्फबारी के कारण पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी तापमान गिर रहा है। हिमाचल में भारी बर्फबारी के नेशनल हाईवे 3 और नेशनल हाईवे 305 और अटल टनल बंद कर दी गई है। 10 शहरों का पारा माइनस में पहुंच चुका है। कुकुमसेरी में सबसे कम माइनस 12 डिग्री दर्ज किया गया।