President Shanmugaratnam: पांच दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे, PM मोदी से मुलाकात की

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शणमुगरत्नम से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और सिंगापुर के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। शणमुगरत्नम भारत की पांच दिन की यात्रा पर आए हैं।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने
भारत-सिंगापुर के व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर बात की, जिसमें सेमीकंडक्टर, डिजिटलीकरण, कौशल विकास, और कनेक्टिविटी जैसे उभरते क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इसके अलावा, उद्योग, बुनियादी ढांचे और संस्कृति में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार किए गए।
राष्ट्रपति भवन में डिनर पॉलिटिक्स
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शणमुगरत्नम के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे। राष्ट्रपति भवन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा,
“सिंगापुर की प्रगति सभी विकासशील देशों के लिए एक उदाहरण है। सिंगापुर भारत का मूल्यवान साझेदार है।” दोनों नेताओं ने भारत-सिंगापुर द्विपक्षीय संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के मौके पर एक नया लोगो जारी किया, जिसमें भारत का राष्ट्रीय फूल कमल और सिंगापुर का राष्ट्रीय फूल आर्किड शामिल है।





