बाउंसर का पैसा हड़पने के बाद किया रेप, पुलिस ने लोकेशन ट्रेस करके पकड़ा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले में महिला बाउंसर को शादी का झांसा देकर पैसा हड़पने वाले और उसका रेप करने वाले शातिर ठग को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी चार माह से चकमा देकर अयोध्या और नोएडा में फरारी काट रहा था। आरोपी के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने नोएडा में दबिश दी और हिरासत में लिया। आरोपी का नाम पुलिस द्वारा अमरनाथ वर्मा बताया जा रहा है।
लखनऊ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ निवासी पीड़िता अपने पति से तलाक के बाद अलग रहती थी। काम के दौरान उसकी मुलाकत अमरनाथ वर्मा से हुई। अमरनाथ वर्मा से उसकी नजदीकियां बढ़ी और इस बात का फायदा उठाकर आरोपी ने नशीली सामग्री पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी ने शादी करने का झांसा दिया। आरोपी की शर्त पर पीड़िता तैयार हो गई,तो आरोपी ने किश्तों में 10 लाख रुपए ले लिए और मोबाइल बंद करके फरार हो गए।
आरोपी की इस हरकत के बाद पीड़िता ने लखनऊ पुलिस में शिकायत दी, तो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जांच करने के बाद उसे रविवार को पकड़ा। डीसीपी सेंट्रल ज़ोन रविनाथ त्यागी ने बताया आरोपी के खिलाफ लखनऊ के अलावा आजमढ़ में धोखाधड़ी और ठगी का केस रजिस्टर्ड है। आरोपी का बैकग्राउंड खंगाला जा रहा है। पीड़िता की तरह आरोपियों ने और किन लोगों को ठगा है? इसका पता लगाने में लखनऊ पुलिस जुटी हुई है।





