सरपंच आरोप: ग्राम पंचायत सिंघरी में सरपंच पर वित्तीय अनियमितता के आरोप, पंचों ने कलेक्टर से की जांच की मांग
नाली निर्माण के लिए स्वीकृत 5.08 लाख में 2.08 लाख निकालने का आरोप,

ग्राम पंचायत सिंघरी की सरपंच श्रीमती लक्ष्मी धनुदार के खिलाफ पंचायत के पंचों ने गंभीर आरोप लगाते हुए (सरपंच आरोप) जिलाधीश से शिकायत की है। पंचों का आरोप है कि सरपंच नियमित रूप से पंचायत बैठकों में उपस्थित नहीं होतीं और कई बार उनकी जगह पति या ससुर बैठक में पहुंचते हैं। आरोप है कि उनके द्वारा पंचों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और विरोध करने पर धमकी दी जाती है।
काम अब तक अधूरा, ग्राम पंचायत सिंघरी में अनियमितता के आरोप (सरपंच आरोप)
पंचों ने शिकायत में पंचायत की मूलभूत एवं 15वें वित्त की राशि का बिना प्रस्ताव के निजी स्वार्थ में उपयोग किए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पंचायत बैठकों में पारित प्रस्तावों पर भी अब तक अमल नहीं किया गया है। सरपंच से जानकारी मांगने पर कथित तौर पर उन्हें जानकारी नहीं होने की बात कहकर मामले को टाल दिया जाता है। शिकायत में बजरंग बौद्ध में नाली निर्माण का मामला भी उठाया गया है। पंचों के मुताबिक नाली निर्माण के लिए 5 लाख 8 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी।
इसमें से 2 लाख 8 हजार रुपये नवंबर 2025 में निकाले गए, लेकिन आज तक नाली निर्माण नहीं कराया गया है। इससे ग्रामीणों को बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पंचों ने जिलाधीश से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पंचायत की राशि के उपयोग की जांच करने और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।





