सर्पदंश मौत: सांपों से लोगों को बचाने वाला ‘रक्षक’ खुद नहीं बच सका, रेस्क्यू के दौरान मनीष को डसा सांप
डिब्बे में सांप डालते वक्त हुआ अचानक हमला, सिम्स में इलाज के दौरान मौत

नवागढ़ में देर रात स्नेक रेस्क्यू के दौरान एक दर्दनाक हादसे में मनीष पाटिल की मौत हो गई।( सर्पदंश मौत) लोगों को जहरीले सांपों के खौफ से बचाने वाले मनीष को रेस्क्यू के दौरान उसी सांप ने डस लिया। सांप को डिब्बे में डालते वक्त हुए हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे का खौफनाक पल कैद हुआ है।बताया गया कि 112 की टीम मनीष पाटिल को स्नेक रेस्क्यू के लिए अपने साथ लेकर गई थी। रेस्क्यू के दौरान सांप के डसने से उनकी हालत बिगड़ गई।
सिम्स में इलाज के दौरान मौत ( सर्पदंश मौत)
उन्हें तत्काल नवागढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां परिजनों के मुताबिक समुचित इलाज नहीं मिल पाने का आरोप है। इसके बाद उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल लाया गया।मनीष पाटिल नवागढ़ क्षेत्र में लंबे समय से स्नेक रेस्क्यू का काम कर रहे थे। घरों और आसपास सांप निकलने की सूचना मिलते ही वे अपनी जान जोखिम में डालकर मौके पर पहुंचते और सांपों को सुरक्षित पकड़कर लोगों को राहत दिलाते थे। हजारों सांपों का रेस्क्यू कर चुके मनीष के लिए यह काम दूसरों की जिंदगी बचाने का जरिया था।
लेकिन इस बार दूसरों को मौत के खतरे से बचाने निकला यही रक्षक खुद जिंदगी की जंग हार गया। सिम्स में इलाज के दौरान मनीष पाटिल ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर से नवागढ़ क्षेत्र में शोक की लहर है। जिस शख्स के पहुंचते ही सांप के डर से सहमे लोगों को राहत मिलती थी, आज उसी मनीष की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।





