आत्मानंद अव्यवस्था: शिक्षक का इंतजार, पानी की भी मार… कब सुधरेगा आत्मानंद स्कूल का हाल
केमिस्ट्री शिक्षक का पद खाली, पेयजल की भी बदहाली... छात्रों का भविष्य सवालों के घेरे में।

जिले के सकरी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में केमिस्ट्री शिक्षक की लंबे समय से कमी (आत्मानंद अव्यवस्था) और विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सकरी के अध्यक्ष अमिता कुमार साहू और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण महेन्द्र गंगोत्री ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पदाधिकारीयो ने बताया कि विद्यालय के उच्चतर माध्यमिक हायर सेकेंडरी वर्ग में केमिस्ट्री विषय के शिक्षक का पद पिछले एक वर्ष से रिक्त है।
छात्रों का भविष्य सवालों के घेरे में (आत्मानंद अव्यवस्था)
इसके चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को नियमित रूप से विषय का अध्यापन नहीं मिल पा रहा है। जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इस कारण छात्रों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पालकों ने भी इस समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हायर सेकेंडरी कक्षाओं के लिए केमिस्ट्री विषय के नियमित शिक्षक की तत्काल नियुक्ति की जाए तथा विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।





