एक और कैदी की मौत : बिलासपुर केंद्रीय जेल में मौत का तांडव,एक माह में चौथी कैदी की गई जान
जेल में 'काल' का साया सीने में दर्द के बाद कैदी की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी निगाहें.......

बिलासपुर केंद्रीय जेल में कैदियों की लगातार हो रही मौतों (एक और कैदी की मौत) का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जहाँ सोमवार को पॉक्सो एक्ट के तहत 20 साल की सजा काट रहे 31 वर्षीय कैदी प्रभु कुमार मनहर की दुखद मृत्यु ने जेल प्रशासन की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल (एक और कैदी की मौत)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के विद्याडीह टाँगर निवासी मृतक कैदी पिछले कुछ दिनों से सीने में दर्द की शिकायत कर रहा था और 15 जुलाई से उसका जेल अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन सोमवार को अचानक हालत बिगड़ने पर उसे गंभीर अवस्था में सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधीक्षक के अनुसार, मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने के भीतर जेल में हुई यह चौथी मौत है, जिसमें एक हत्या का मामला और तीन अन्य मौतें बीमारी या संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हैं, जिसने जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है और अब जेल की स्वास्थ्य सुविधाओं व निगरानी व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा की मांग जोर पकड़ने लगी है.





