शिक्षक-शिक्षिका का कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने गठित की जांच समिति

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक शिक्षक और शिक्षिका का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल के लिए समिति गठित की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में एक शिक्षक और शिक्षिका एक कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
प्राथमिक स्कूल में पदस्थ बताए जा रहे दोनों
बताया जा रहा है कि दोनों शिक्षक नवागढ़ ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार वीडियो गांव के कुछ युवकों द्वारा बनाया गया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और ग्रामीणों ने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। जांच टीम को तथ्यों की पड़ताल कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं अभिभावकों और ग्रामीणों ने दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





