विरोध प्रदर्शन: बिलासपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, निगम कार्यालय का घेराव कर मटके और गंदे पानी की बोतलों से जताया विरोध
पेयजल संकट पर तल्ख हुआ कांग्रेस का तेवर,सुशासन' के दावों के बीच बिलासपुर की जनता बूंद-बूंद पानी को मोहताज

बिलासपुर में गहराते भीषण पेयजल संकट और नगर निगम की लचर कार्यशैली के विरोध में आज कांग्रेस ने (विरोध प्रदर्शन) नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता वार्डों की बदहाल स्थिति की पोल खोलते हुए हाथों में मटके और नलों से आने वाले गंदे पानी की बोतलें लेकर निगम पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ प्रदेश सरकार बड़े-बड़े मंचों से ‘सुशासन तिहार’ मना रही है, तो वहीं दूसरी ओर बिलासपुर की जनता बुनियादी सुविधाओं, विशेषकर पीने के पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है।

सुशासन’ के दावों के बीच बिलासपुर की जनता बूंद-बूंद पानी को मोहताज (विरोध प्रदर्शन)
शहर के अनेक वार्डों में पंप फेल होने के कारण जलापूर्ति बाधित है, नलों में गंदा पानी आ रहा है और टैंकरों की भारी किल्लत के कारण वार्डवासी गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व विधायक,शहर अध्यक्ष,निगम के पार्षद और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए निगम कार्यालय के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा..





