चुनावी हार के बाद बढ़ीं ममता और अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें, दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज

विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
भवानीपुर निवासी अर्नबकांति दास ने आरोप लगाया है कि अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणी की, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने भड़काऊ बयान देकर नफरत फैलाने की कोशिश की।
शिकायत के मुताबिक, 2 मई को अभिषेक बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में “बांग्ला-विरोधी गुजराती गैंग” जैसी टिप्पणी की थी। इसी बयान को आधार बनाकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
इससे पहले भी चुनाव प्रचार के दौरान कथित भड़काऊ बयान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है।
वहीं दूसरी ओर, वकील रिंकी सिंह चटर्जी ने ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने एक विशेष समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और धर्म को “गंदगी” बताया था, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
इन मामलों के सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है।





