रायपुर में तेज रफ्तार पानी टैंकर का कहर, 15 वर्षीय बच्चे की मौत, चालक फरार

राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार पानी टैंकर ने 15 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। हादसा विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्कूल के पास हुआ। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टैंकर के पहिए चढ़ने के बाद बच्चा कुछ सेकेंड के लिए उठकर खड़ा होता दिखाई देता है, लेकिन फिर सड़क पर गिर जाता है और उसकी मौत हो जाती है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
स्कूल के पास हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को बच्चा कंधे पर बैग टांगे सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पानी टैंकर वहां से गुजरा और बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर के पहिए उसके ऊपर से गुजर गए। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन लेकर मौके से भाग निकला।
CCTV फुटेज में दिखी पूरी घटना
घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फुटेज में हादसे से ठीक पहले एक बाइक सवार भी दिखाई दे रहा है। पुलिस को आशंका है कि बाइक की हलचल के कारण बच्चा अचानक टैंकर के सामने आ गया होगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे के तुरंत बाद वही अज्ञात बाइक सवार सबसे पहले मौके पर पहुंचा था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के अन्य CCTV फुटेज भी खंगाल रही है।
फरार चालक और टैंकर की तलाश जारी
मृतक बच्चे की पहचान सड्डू के LIG सेक्टर-1 निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार टैंकर चालक और वाहन की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





