कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों पर कांग्रेस का जवाब, बोले- बैठक में सिर्फ चुनावों पर हुई चर्चा

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने स्थिति साफ करने की कोशिश की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि दिल्ली में हुई बैठक में मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ हुई बैठक पूरी तरह आगामी राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों पर केंद्रित थी।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि मीडिया में मुख्यमंत्री पद को लेकर जो अटकलें लगाई जा रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि बैठक में सिर्फ उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि कर्नाटक की राज्यसभा और परिषद सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा जल्द ही अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के साथ की जाएगी।
कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डी.के. शिवकुमार के बीच सत्ता संघर्ष की चर्चा लंबे समय से चल रही है। इसी वजह से दिल्ली में हुई इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा रही।





