हाईवे पर पलटी देवास-बड़वाह रूट की बस, चालक समेत 3 घायल

देवास। मध्य प्रदेश के देवास में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। देवास से हाटपिपलिया, बागली और उदयनगर होते हुए बड़वाह जा रही यात्री बस हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सेंट्रल इंडिया स्कूल के सामने हुआ, जहां अचानक बस सड़क की दोनों पट्टियों के बीच उतरकर पलट गई। घटना के वक्त बस में 25 से ज्यादा यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
हादसे में बस चालक, कंडक्टर और सहायक घायल हुए हैं। तीनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
यातायात पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में बस में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यही बस कुछ दिन पहले भोपाल रोड पर भी हादसे का शिकार हुई थी। इसके बावजूद बस को दोबारा सड़क पर उतार दिया गया। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि बस की फिटनेस और मेंटेनेंस में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से पलटी बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने बस को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर प्रदेश में यात्री बसों की सुरक्षा और फिटनेस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बावजूद कई निजी बस संचालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है।





