Eid ul Adha 2026: पश्चिम बंगाल में बकरीद पर अब सिर्फ एक दिन की छुट्टी, नया नोटिफिकेशन जारी

Eid ul Adha 2026 को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने नया नोटिफिकेशन जारी करते हुए बकरीद पर पहले घोषित दो दिनों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अब राज्य में केवल 28 मई 2026 को ही सरकारी अवकाश रहेगा।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, पहले 26 और 27 मई को बकरीद की छुट्टियां घोषित की गई थीं। लेकिन अब नए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस साल ईद-उल-अजहा यानी बकरीद 28 मई को मनाई जाएगी, इसलिए सिर्फ उसी दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
Eid ul Adha 2026 को लेकर जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि पहले घोषित 26 मई और 27 मई की छुट्टियां रद्द की जाती हैं और ये दोनों दिन अब सरकारी कार्यालयों और संस्थानों के लिए सामान्य कार्य दिवस होंगे।
राज्य सरकार ने कहा कि यह फैसला त्योहार की वास्तविक तारीख को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने भी हाल ही में 28 मई को अवकाश घोषित किया था, जिसके बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने अपना संशोधित नोटिफिकेशन जारी किया।
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद यह पहला मौका है जब बकरीद की छुट्टियों के पैटर्न में बदलाव किया गया है। तृणमूल कांग्रेस सरकार के समय बकरीद पर दो दिन की छुट्टी देने की परंपरा शुरू हुई थी, लेकिन नई सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव कर दिया है।
इसी बीच, कलकत्ता हाई कोर्ट ने बकरीद से पहले पशु वध पर राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है। अदालत ने कहा कि सरकार का नोटिफिकेशन पहले से मौजूद कानून और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जारी किया गया है।
हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट पहले स्पष्ट कर चुका है कि गाय की कुर्बानी ईद-उल-अजहा का अनिवार्य धार्मिक हिस्सा नहीं है। अदालत ने माना कि राज्य सरकार को पशु वध से जुड़े नियमों और प्रमाणपत्र प्रक्रिया की निगरानी का अधिकार है।
Eid ul Adha 2026 को लेकर पश्चिम बंगाल में लिए गए इन फैसलों के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।





