महंगाई का नया झटका,सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल और दूध के दाम बढ़ने के बाद अब,मुंबई में ब्रेड और ब्रेड उत्पादों के दाम बढ़े

देश में लगातार बढ़ रही महंगाई का असर अब खाने-पीने की चीजों पर भी दिखाई देने लगा है। सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल और दूध के दाम बढ़ने के बाद अब ब्रेड और उससे जुड़े उत्पाद भी महंगे हो गए हैं।
मुंबई में 16 मई से सभी प्रकार की ब्रेड की कीमतों में 5 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसका सीधा असर आम लोगों के रोजाना के नाश्ते पर पड़ेगा। मुंबई में बड़ी संख्या में लोग सुबह के नाश्ते में पाव, सैंडविच, वड़ा पाव और ब्रेड से बने अन्य खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल करते हैं।
बताया जा रहा है कि ब्रेड की कीमतें बढ़ने की मुख्य वजह पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक कच्चे माल की महंगी लागत है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में रुपये की कमजोरी के कारण इसका आयात महंगा हो गया है। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से परिवहन लागत भी बढ़ गई है।
नई कीमतों के अनुसार, 400 ग्राम सैंडविच ब्रेड अब 40 रुपये की जगह 45 रुपये में मिलेगा। साबुत गेहूं का ब्रेड 55 से बढ़कर 60 रुपये और मल्टीग्रेन ब्रेड 60 से बढ़कर 65 रुपये का हो गया है।
इसके अलावा छोटे ब्राउन ब्रेड की कीमत 28 से बढ़ाकर 30 रुपये कर दी गई है। सफेद ब्रेड अब 20 की जगह 22 रुपये में मिलेगा, जबकि ब्राउन ब्रेड 45 से बढ़कर 50 रुपये का हो गया है।
बेकरी संचालकों का कहना है कि पैकेजिंग, परिवहन, आयातित कच्चे माल और परिरक्षकों की लागत लगातार बढ़ रही है, जिसकी वजह से उत्पादन खर्च काफी बढ़ गया है। दूध की कीमतों में हालिया वृद्धि ने भी खाद्य पदार्थों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ाया है।
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर कामकाजी लोगों, मजदूरों, छात्रों और रोजाना बाहर नाश्ता करने वाले लोगों पर पड़ने की संभावना है।





