बाइक धीरे चलाने की नसीहत पर युवकों पर हमला, पेट्रोल पंप ऑफिस में घुसकर की पिटाई

बिलासपुर में बाइक धीरे चलाने की बात कहना दो युवकों को भारी पड़ गया। मामूली विवाद के बाद 6 से 7 बदमाशों ने लाठी-डंडों और लोहे के रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं।

दशगात्र कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ विवाद

घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, प्रभाकर मार्शल चौकसे अपने साथियों निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे। तीनों युवक बाइक पर सवार होकर समाज की महिलाओं को नहाने के कार्यक्रम की सूचना देने निकले थे।

इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। युवकों ने बादल जांगड़े को बाइक धीरे चलाने की समझाइश दी, जिससे नाराज होकर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और बेल्ट से मारपीट करने लगा।

पेट्रोल पंप ऑफिस में घुसकर लाठी-रॉड से हमला

कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ वापस पहुंचा। विक्की जांगड़े, विकास मार्शल और अन्य लोगों ने मिलकर युवकों पर लाठी-डंडों और लोहे के रॉड से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए एक युवक पेट्रोल पंप के ऑफिस में भागकर घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और अंदर घुसकर जमकर मारपीट की।

हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक युवक के सिर पर गहरी चोट आई है।

CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज

घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वीडियो में हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर युवकों को पीटते दिखाई दे रहे हैं।

पचपेड़ी थाना पुलिस के मुताबिक बाइक धीरे चलाने की बात पर विवाद शुरू हुआ था। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button