अमित शाह आज बस्तर दौरे पर, गुंडाधुर के गांव से करेंगे जन सुविधा केंद्र की शुरुआत

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। रायपुर पहुंचने के बाद आज वे बस्तर जाएंगे, जहां नेतानार गांव से जन सुविधा केंद्र की शुरुआत करेंगे। नक्सलवाद खत्म होने के बाद उनका यह पहला बस्तर दौरा माना जा रहा है। दौरे के दौरान वे शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे और मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।

बस्तर में सुरक्षा और विकास योजनाओं पर रहेगा फोकस

अमित शाह जगदलपुर एयरपोर्ट से सीधे नेतानार गांव पहुंचेंगे। यहां वे वीर शहीद गुंडाधुर के गांव में जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद अमर वाटिका पहुंचकर नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देंगे।

राजधानी रायपुर में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में वे डायल-112 सेवा के लिए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी शुरू की जाएंगी। सरकार का दावा है कि इससे अपराध जांच और आपातकालीन सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे चार राज्यों के मुख्यमंत्री

जगदलपुर में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास, प्रशासनिक सहयोग और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा बस्तर में चल रहे विकास कार्यों और सुरक्षा अभियानों की भी समीक्षा की जाएगी।

शाम को अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां बस्तर की पारंपरिक कला और संस्कृति की प्रस्तुति दी जाएगी।

दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

अमित शाह के दौरे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक वर्चुअल माध्यम से भी हो सकती थी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से विशेष विमानों के जरिए नेताओं के आने से लाखों रुपए खर्च होंगे।

वहीं प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है और सुरक्षा कैंपों को सुविधा केंद्रों में बदला जाएगा। नेतानार से इसकी शुरुआत की जा रही है।

दौरे के अंतिम दिन अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक और विकास योजनाओं से जुड़े फैसलों की जानकारी देंगे। इसके बाद वे दिल्ली रवाना होंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई