पेट्रोल-डीजल महंगा होने के खिलाफ गिग वर्कर्स की हड़ताल, आज दोपहर 12 से 5 बजे तक बंद रहेंगी ऐप सेवाएं

देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ऐप कंपनियों की कम भुगतान दरों के विरोध में गिग वर्कर्स ने शनिवार को अस्थायी राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन ने ऐप आधारित टैक्सी ड्राइवरों और डिलीवरी वर्कर्स से दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक सेवाएं बंद रखने की अपील की है।

गिग एंड प्लेटफॉर्म सर्विसेज वर्कर्स यूनियन (GIPSWU) का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों और घटती कमाई के कारण हजारों ड्राइवरों और डिलीवरी पार्टनर्स के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। यूनियन के मुताबिक, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बावजूद ऐप कंपनियों ने किराए और इंसेंटिव में पर्याप्त बढ़ोतरी नहीं की है।

यूनियन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि यह विरोध प्रदर्शन बढ़ती महंगाई और कम भुगतान दरों के खिलाफ किया जा रहा है। उनका कहना है कि मौजूदा हालात में काम करना मुश्किल होता जा रहा है।

हाल ही में सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद कई शहरों में ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण यह स्थिति बनी है।

ऐप आधारित कैब ड्राइवरों का कहना है कि ईंधन महंगा होने से उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है। कमीशन, पेट्रोल और अन्य खर्च निकालने के बाद बहुत कम पैसा बचता है। कई ड्राइवरों ने कहा कि अब परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया है।

तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे उन पर भी दबाव बढ़ा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

गिग वर्कर्स का कहना है कि इस अस्थायी हड़ताल का उद्देश्य सरकार और ऐप कंपनियों तक अपनी समस्याएं पहुंचाना है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द राहत नहीं मिली तो आगे बड़े स्तर पर आंदोलन किया जा सकता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई