छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 77 ट्रेनें प्रभावित, 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर रद्द: जून में यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को जून महीने में रद्द और डायवर्ट किया गया है। रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर रेल मंडल के चांपा स्टेशन में चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य के चलते 8 जून से 19 जून के बीच 77 ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इनमें 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, जबकि कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा।

रेल लाइन निर्माण के चलते लिया गया फैसला

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में तीसरी और चौथी रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है। इसी परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। रेलवे का कहना है कि यह रूट देश के उत्तर और दक्षिण हिस्सों को जोड़ने वाला अहम कॉरिडोर है, इसलिए भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही बेहतर बनाने के लिए यह काम जरूरी है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि 206 किलोमीटर लंबी परियोजना में अब तक 180 किलोमीटर से ज्यादा काम पूरा किया जा चुका है। निर्माण कार्य 7 जून से 19 जून तक अलग-अलग चरणों में किया जाएगा।

यात्रियों को होगी भारी परेशानी

ट्रेनें रद्द होने और रूट बदलने से छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, ओडिशा और झारखंड समेत कई राज्यों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। गर्मी की छुट्टियों और समर सीजन के कारण पहले से ही ट्रेनों में भीड़ बनी हुई है।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हसदेव एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला लिया है। वहीं कई प्रमुख ट्रेनें जैसे दुरंतो एक्सप्रेस, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस बदले हुए रूट से संचालित होंगी।

कई ट्रेनें देरी से चलेंगी और कुछ शॉर्ट टर्मिनेट होंगी

रेलवे के आदेश के मुताबिक कई ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा। इनमें छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा आजाद हिंद एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस और हसदेव एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियां अपने तय समय से एक से तीन घंटे तक देरी से रवाना होंगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने और वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button