पीएम मोदी की अपील का असर: साइकिल चलाकर कोर्ट पहुंचे हाई कोर्ट जज डीडी बंसल

जबलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत अपील का असर देखने को मिला। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के जज डीडी बंसल मंगलवार को साइकिल चलाकर कोर्ट पहुंचे। उन्होंने अपने सरकारी आवास से हाई कोर्ट तक करीब 3 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय किया।
जस्टिस बंसल के साथ कोर्ट का एक कर्मचारी भी साइकिल से चला, जिसने उनका बैग और जरूरी सामान साथ रखा। उन्होंने कहा कि तेल बचाने के लिए जहां तक संभव हो, लोगों को साइकिल का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि “जज साइकिल से नहीं जा सकते, ऐसा सोचना गलत है।”
जस्टिस बंसल ने बताया कि उन्हें यह प्रेरणा मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा से मिली। उन्होंने आम लोगों से भी ईंधन बचाने और जरूरत पड़ने पर साइकिल या दूसरे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की अपील की।
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और बढ़ती तेल कीमतों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील की थी। पीएम मोदी ने एक साल तक सोना न खरीदने की भी सलाह दी है।
प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद कई राज्यों में भी असर देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी ने अपने सरकारी काफिले की गाड़ियों की संख्या भी कम कर दी है।





