दिल्ली में महिलाओं के फ्री बस सफर के नियम बदलेंगे, 1 जुलाई से बंद होगा ‘पिंक टिकट’

दिल्ली में महिलाओं के लिए DTC बसों में मुफ्त सफर को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब 1 जुलाई 2026 से ‘पिंक टिकट’ व्यवस्था पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। इसके बाद महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए केवल ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ का इस्तेमाल करना होगा।

दिल्ली सरकार के मुताबिक, नई व्यवस्था लागू होने के बाद बसों में कागजी टिकट की जगह डिजिटल स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा। सरकार का कहना है कि इससे सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों का सही रिकॉर्ड भी तैयार किया जा सकेगा।

नई व्यवस्था के तहत सिर्फ दिल्ली की निवासी महिलाएं, जिनके पास स्थानीय निवास प्रमाण होगा, वही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाकर मुफ्त यात्रा का लाभ ले सकेंगी। दिल्ली के बाहर की महिलाओं को अब DTC बसों में फ्री सफर की सुविधा नहीं मिलेगी।

सरकार पहले ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। 2 मार्च 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस योजना की शुरुआत की थी। अब तक करीब 6 लाख महिलाएं यह स्मार्ट कार्ड बनवा चुकी हैं।

फिलहाल दिल्ली की बसों में रोज करीब 10 लाख महिलाएं सफर करती हैं, लेकिन इनमें से बहुत कम महिलाएं स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल कर रही हैं। सरकार चाहती है कि सभी महिला यात्री डिजिटल कार्ड का उपयोग करें।

बता दें कि महिलाओं के मुफ्त बस सफर की योजना साल 2019 में अरविंद केजरीवाल सरकार ने ‘पिंक टिकट’ के जरिए शुरू की थी, जिसे अब डिजिटल सिस्टम से जोड़ा जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button