संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी पर AAP का भाजपा पर हमला, केजरीवाल बोले- जेल जाना मंजूर, BJP में जाना नहीं

पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने संजीव अरोड़ा के समर्थन में बयान देते हुए उनकी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसी भी इंसान का असली चरित्र मुश्किल समय में सामने आता है। उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा ने भाजपा में शामिल होने के बजाय जेल जाना पसंद किया। केजरीवाल ने कहा कि उनकी हिम्मत और सिद्धांतों को सलाम है।
वहीं मनीष सिसोदिया ने कहा कि मंत्री बनने के बाद संजीव अरोड़ा ने पंजाब में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए तेजी और गंभीरता से काम किया। उन्होंने दावा किया कि राज्य के उद्योगपति भी उनकी नीतियों और काम करने के तरीके की तारीफ करते हैं।
सिसोदिया ने कहा कि संजीव अरोड़ा ने शहरों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए कई बड़े काम शुरू किए। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने, बिजली के तारों को व्यवस्थित करने और आधुनिक शहरी ढांचा तैयार करने पर लगातार काम किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि गांवों और खेतों में फैले खुले बिजली तारों को अंडरग्राउंड करने की मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना की जिम्मेदारी भी संजीव अरोड़ा के पास थी और वह इस काम को तेजी से आगे बढ़ा रहे थे।
AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि एक मेहनती और विकास कार्यों में जुटे मंत्री को झूठे मामले में फंसाकर गिरफ्तार किया गया है। पार्टी का कहना है कि यह सिर्फ एक नेता को परेशान करने की कार्रवाई नहीं, बल्कि पंजाब के विकास और जनता के भरोसे पर हमला है।
मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोग सब समझते हैं और समय आने पर जवाब भी देंगे।





