मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- 9 साल में कुछ नहीं हुआ तो 9 महीने में क्या करेंगे मंत्री?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जनता पूछ रही है कि जब सरकार 9 साल में कुछ खास नहीं कर सकी, तो आखिरी 9 महीनों में नए मंत्री क्या कर लेंगे।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल में केवल 6 पद खाली हैं, जबकि दूसरे दलों से आए नेताओं की संख्या इससे ज्यादा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सभी दल-बदल कर आए नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा या फिर कुछ चुनिंदा लोगों को ही मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अगर किसी एक समाज या समूह के नेता को मंत्री बनाया जाता है, तो बाकी नेताओं में नाराजगी बढ़ सकती है। साथ ही जो नेता लंबे समय से मंत्री बनने का इंतजार कर रहे हैं, उनके साथ क्या होगा, यह भी बड़ा सवाल है।
अखिलेश ने यह भी कहा कि जिन मौजूदा मंत्रियों के विभाग कम किए जाएंगे, जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि वे अपने काम में असफल रहे। इससे चुनाव में उनका नुकसान हो सकता है।
सपा प्रमुख ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार, अत्याचार, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता इन मुद्दों से परेशान है और सरकार जवाब देने से बच रही है।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने 9 साल में सिर्फ भ्रष्टाचार, अत्याचार और जनता की परेशानियां बढ़ाने का काम किया है।





