रायपुर में आज RCB और MI के बीच महामुकाबला, बारिश की आशंका के बीच गेंदबाजों को मिल सकती है मदद

नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज आईपीएल 2026 का बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। हालांकि मौसम विभाग ने रायपुर में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार शाम के समय बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना कम है। ऐसे में मैच पर पूरी तरह संकट के आसार नहीं हैं। शनिवार शाम हुई बारिश के कारण पिच और आउटफील्ड में नमी बनी रह सकती है, जिससे शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद है।
पिच रिपोर्ट और टॉस की भूमिका
रायपुर में अब तक खेले गए आईपीएल मुकाबलों के आंकड़े बताते हैं कि यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को ज्यादा सफलता मिली है। खेले गए 6 मुकाबलों में से 4 मैच दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं।
बारिश के बाद पिच पर नमी रहने की स्थिति में कप्तान पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकते हैं। शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को रन बनाने में परेशानी हो सकती है, जबकि मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी आसान होने की संभावना है। स्पिन गेंदबाजों को भी मिडिल ओवर्स में टर्न और ग्रिप मिल सकती है।
स्टेडियम एंट्री और ट्रैफिक व्यवस्था
मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए गए हैं। दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए QR कोड के जरिए एंट्री दी जाएगी। QR कोड मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही सक्रिय होगा। स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे, जबकि मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम तक पहुंचने के लिए विशेष रूट मैप जारी किया है। पार्किंग स्थल से स्टेडियम तक पहुंचने के लिए दर्शकों को करीब डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ सकता है। प्रशासन ने दर्शकों से समय से पहले पहुंचने की अपील की है ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आईपीएल मैच को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे स्टेडियम परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। दर्शकों के लिए कई सामानों पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिनमें छाता, बड़े बैग, कैमरा, लेजर लाइट, हथियार, पटाखे, हॉकी स्टिक और अन्य धारदार वस्तुएं शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोबारा एंट्री की अनुमति नहीं होगी। वहीं 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट अनिवार्य रहेगा।





