पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, ED कार्रवाई पर AAP ने BJP को घेरा

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह से उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर ईडी की कार्रवाई जारी रही। इससे पहले लुधियाना में भी उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी को संजीव अरोड़ा से जुड़ी कुछ कंपनियों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के सबूत मिले हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि करीब 157 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री, शेल कंपनियों के जरिए फर्जी निर्यात और विदेशी संस्थाओं के माध्यम से पैसों की राउंड-ट्रिपिंग की आशंका है। इसी मामले में यह कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।
भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बीजेपी देशभर में ED, CBI, आयकर विभाग और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को डराने और दबाव बनाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब में चुनाव नजदीक आते ही इस तरह की कार्रवाई तेज हो गई है। उन्होंने दावा किया कि अगर कोई नेता बीजेपी में शामिल हो जाए तो उसके खिलाफ कार्रवाई बंद हो जाती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले अशोक मित्तल के यहां छापा पड़ा और बाद में उनके बीजेपी में शामिल होते ही कार्रवाई रुक गई।
वहीं अरविंद केजरीवाल ने भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल चुनाव खत्म होते ही पंजाब में ईडी की रेड शुरू हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संजीव अरोड़ा पर दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन जब उन्होंने झुकने से इनकार किया तो उनके खिलाफ दोबारा कार्रवाई की गई।
केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को तोड़ने के लिए कर रही है। उन्होंने दावा किया कि ईडी की कार्रवाई का मकसद भ्रष्टाचार रोकना नहीं बल्कि राजनीतिक दबाव बनाना है।
फिलहाल ईडी की जांच जारी है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।





