Mastermind Arrested: डिजिटल अरेस्ट के जरिए 1.04 करोड़ की बड़ी ठगी: बिलासपुर पुलिस ने राजस्थान से दबोचे दो मास्टरमाइंड.
आतंकवाद का डर दिखाकर महिला को बनाया निशाना:

बिलासपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने (Mastermind Arrested) डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक महिला से 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की भारी-भरकम राशि ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों, रूपेन्द्र सिंह और विशाल सिंह को राजस्थान के चुरू से गिरफ्तार किया है। इस शातिर गिरोह ने पीड़िता को व्हाट्सएप कॉल के जरिए खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए उनके नाम के आतंकवादी संगठन से जुड़े होने और गिरफ्तारी वारंट जारी होने का झांसा दिया था, जिसके बाद वीडियो कॉल पर घंटों ‘डिजिटल अरेस्ट’ रखकर और फर्जी ईडी, आरबीआई व सुप्रीम कोर्ट के दस्तावेज दिखाकर उन पर मानसिक दबाव बनाया गया।
कमीशन के लिए बैंक खाते मुहैया कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश (Mastermind Arrested)
परिवार को फंसाने की धमकी और गिरफ्तारी के डर से पीड़िता ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 1.04 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग होने पर मामला उजागर हुआ। पुलिस की तकनीकी जांच और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर पकड़े गए इन आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे महज कमीशन के लालच में ठगी की रकम खपाने के लिए बैंक खाते और बैंकिंग किट उपलब्ध कराते थे, जिनके कब्जे से पुलिस ने कई बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त कर उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया है





