बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार, शुभेंदु अधिकारी आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

पश्चिम Bengal की राजनीति में आज ऐतिहासिक दिन माना जा रहा है। राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आजादी के बाद यह पहला मौका है, जब राज्य में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के कई बड़े नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य तैयारियां
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुरक्षा और आयोजन की व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन से निगरानी की जा रही है, जबकि वीवीआईपी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगी। समारोह में लोक संस्कृति की झलक दिखाने के लिए पुरुलिया छऊ नर्तकों और विभिन्न जिलों के लोक कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है।
एनडीए नेताओं का जुटान, पीएम मोदी पहुंचे कोलकाता
समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता पहुंच चुके हैं। उनके अलावा अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, योगी आदित्यनाथ, चंद्रबाबू नायडू, एकनाथ शिंदे, पुष्कर सिंह धामी, रेखा गुप्ता और कई अन्य नेता भी कार्यक्रम स्थल पहुंचे। बीजेपी नेताओं ने इसे बंगाल में “नई शुरुआत” और “सोनार बांग्ला” के सपने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
ऐतिहासिक जीत के बाद सरकार गठन
हालिया विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत दर्ज की। भवानीपुर सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को बड़े अंतर से हराया। बीजेपी नेताओं का कहना है कि राज्य में अब विकास, सुशासन और डबल इंजन सरकार के जरिए नई राजनीति की शुरुआत होगी।





