छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा, 5 दिन बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी संभागों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 5 मई से मौसम गतिविधियों में और तेजी आने का अनुमान है, वहीं कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
तापमान में गिरावट के आसार
पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है, जबकि अन्य हिस्सों में तापमान सामान्य बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज
प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम का असर अलग-अलग दिखाई दे रहा है।
राजधानी में बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





