कर्नाटक: स्कूल बस और सरकारी बस में भीषण टक्कर, दो छात्रों की मौत, कई घायल

रायचूर: कर्नाटक के रायचूर जिले में गुरुवार सुबह को एक निजी स्कूल बस और सरकारी बस में आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई और 35 से अधिक छात्र घायल हो गए. यह घटना जिले के मनावी तालुक के कपागल गांव के पास हुई.

निजी स्कूल की बस मनावी की ओर जा रही थी और सरकारी बस मनावी से रायचूर की ओर आ रही थी. दोनों बसें कपागल गांव के पास आपस में टकरा गईं. स्कूल बस में 40 छात्र सवार थे. इसमें 17 छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं और 23 छात्रों को मामूली चोटें आईं. गंभीर रूप से घायल 17 छात्रों में से दो की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. तीन की हालत गंभीर है और उनका इलाज रिम्स में चल रहा है.

रायचूर जिला कलेक्टर नितीश के. ने बताया कि सरकारी बस में सवार 17 लोगों को मामूली चोटें आई हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे.

वहीं, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने जिले के अधिकारियों को फोन कर दुर्घटना के बारे में जानकारी हासिल की. सीएम ने घायलों को जरूरी उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए. केएसआरटीसी ने दोनों मृतक छात्रों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 3-3 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है.

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button