महिला प्रतिनिधिमंडल ने CM साय से की मुलाकात, नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जताया आभार

रायपुर में विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित कार्यालय में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के नेतृत्व में महिला प्रतिनिधियों के एक दल ने सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान महिला प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित विशेष सत्र और पारित शासकीय संकल्प के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह कदम महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण को और मजबूती मिलेगी और उनकी भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसी पहल समाज में समानता और न्याय के नए आयाम स्थापित करेंगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम करती रहेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button