भारत की ‘एयर शील्ड’ और मजबूत: रूस से चौथा S-400 सिस्टम जल्द होगा तैनात

भारत की वायु सुरक्षा को और मजबूती मिलने जा रही है। रूस से चौथा S-400 एयर डिफेंस सिस्टम जल्द ही भारत पहुंचने वाला है, जिसे पाकिस्तान सीमा के पास पश्चिमी मोर्चे पर तैनात किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, इस सिस्टम के हिस्सों को लेकर जहाज रूस से रवाना हो चुके हैं और यह जल्द भारत पहुंचेगा।
पहले से ही भारत के पास तीन S-400 स्क्वाड्रन मौजूद हैं, जिन्हें सिलीगुड़ी कॉरिडोर, पठानकोट और पश्चिमी सेक्टर जैसे रणनीतिक इलाकों में तैनात किया गया है। ये सभी सिस्टम पूरी तरह ऑपरेशनल हैं और देश की हवाई सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, चौथे स्क्वाड्रन के बाद पांचवां और आखिरी S-400 सिस्टम भी इस साल के अंत तक भारत को मिल सकता है। इसके साथ ही रक्षा अधिग्रहण परिषद ने पांच और S-400 सिस्टम खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिससे भारत की बहु-स्तरीय वायु रक्षा प्रणाली और मजबूत होगी।
S-400 को दुनिया के सबसे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम में गिना जाता है, जो करीब 400 किलोमीटर की दूरी तक दुश्मन के फाइटर जेट, ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल को ट्रैक कर उन्हें नष्ट करने की क्षमता रखता है। चौथे सिस्टम की तैनाती के बाद पश्चिमी सीमा पर भारत का सुरक्षा कवच और सशक्त हो जाएगा, जिससे किसी भी हवाई खतरे का तेजी से जवाब देना संभव होगा।





