वीरेंद्र सचदेवा या नया चेहरा?दिल्ली बीजेपी में नए अध्यक्ष की तलाश तेज, दो नाम सबसे आगे

पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होने के करीब हैं और इसी के साथ दिल्ली बीजेपी में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हलचल तेज हो गई है। मौजूदा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का कार्यकाल समाप्त होने वाला है, ऐसे में पार्टी के अंदर नए नेतृत्व को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष पद की रेस में एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं पार्टी का एक वर्ग ऐसा भी है जो चाहता है कि वीरेंद्र सचदेवा को ही दोबारा मौका दिया जाए, क्योंकि उनके नेतृत्व में बीजेपी ने दिल्ली में शानदार प्रदर्शन किया है।
वीरेंद्र सचदेवा को 2022 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और मार्च 2023 में वे पूर्णकालिक अध्यक्ष बने। उनके कार्यकाल में बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता हासिल की और विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटें जीतीं। साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने सभी 7 सीटों पर जीत दर्ज की।
बीजेपी के नियमों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है और कोई भी नेता लगातार दो बार से ज्यादा इस पद पर नहीं रह सकता। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी अनुभव पर भरोसा जताती है या नए चेहरे को जिम्मेदारी देती है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि अंतिम फैसला पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद लिया जाएगा। नेतृत्व यह भी देख रहा है कि नए अध्यक्ष के चयन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन कैसे बनाया जाए।





