AAP से BJP में गए संदीप पाठक के खिलाफ कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, घर की दीवार पर लिखा ‘गद्दार’

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए संदीप पाठक के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता उनके गांव बटहा पहुंचे, जहां नारेबाजी की गई और उनके घर की दीवार पर ‘गद्दार’ लिखकर नाराजगी जताई गई। पार्टी ने सोशल मीडिया पर भी इस विरोध को साझा करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।

पार्टी के ‘थिंक टैंक’ माने जाते थे पाठक

संदीप पाठक को आम आदमी पार्टी का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता रहा है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। खासतौर पर पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी की बड़ी जीत के पीछे उनकी रणनीति को महत्वपूर्ण माना गया। वे पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव रहे और कई राज्यों में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी संभालते रहे।

छत्तीसगढ़ से गहरा जुड़ाव और राजनीतिक सफर

संदीप पाठक का संबंध छत्तीसगढ़ से रहा है और वे मुंगेली जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा यहीं से प्राप्त की और आगे उच्च शिक्षा के लिए देश-विदेश में अध्ययन किया। बाद में उन्होंने आईआईटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में भी कार्य किया। 2016 में उन्होंने आम आदमी पार्टी के साथ सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और जल्द ही पार्टी के अहम चेहरों में शामिल हो गए।

पार्टी छोड़ने से संगठन पर असर की आशंका

छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन खड़ा करने में संदीप पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्हें प्रदेश प्रभारी बनाकर संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी गई थी। ऐसे में उनके पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने को राज्य में AAP के संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं के विरोध से यह साफ है कि उनके इस फैसले से पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button