तुर्की में दबोचा गया भारत का बड़ा ड्रग माफिया—दाऊद इब्राहिम का करीबी सलीम डोला गिरफ्तार

अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला को इस्तांबुल में गिरफ्तार कर लिया गया है। तुर्की की खुफिया एजेंसी MIT और स्थानीय पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में यह कार्रवाई की गई।

सलीम डोला को भारत के मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी माना जाता है। वह लंबे समय से वैश्विक स्तर पर सिंथेटिक ड्रग्स के बड़े नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

फर्जी पहचान के सहारे छिपा था

जानकारी के मुताबिक, डोला इंटरपोल द्वारा वांछित था और फर्जी यूएई आईडी के जरिए अलग-अलग देशों में छिपकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।

कई देशों तक फैला था नेटवर्क

सूत्रों के अनुसार, सलीम डोला का कनेक्शन ग्लोबल सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क से था, जिसके तार कई देशों तक फैले हुए थे। भारत में ड्रग सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी नेटवर्क के जरिए संचालित किया जा रहा था।

पहले भी परिवार पर कार्रवाई

साल 2025 में मुंबई पुलिस ने डोला के बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के कई सदस्यों को दुबई से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा उसके सहयोगियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही थी।

इनाम और रेड कॉर्नर नोटिस जारी

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने सलीम डोला पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था, जिसके चलते वह अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की नजर में था।

प्रत्यर्पण पर बनी चुनौती

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, तुर्की से सीधे भारत प्रत्यर्पण आसान नहीं है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूएई के जरिए उसे भारत लाने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारियों का मानना है कि सलीम डोला की गिरफ्तारी से ड्रग तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन पर भी नई जानकारी सामने आ सकती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button