बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान हिंसा, समर्थकों में झड़प और पथराव

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए, जहां अलग-अलग राजनीतिक समर्थकों के बीच झड़प हो गई। पोलिंग बूथ के बाहर दोनों पक्षों के लोगों में जमकर लाठी-डंडे चले और माहौल बिगड़ गया।
बताया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और हुमायूं कबीर के समर्थक आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुमायूं कबीर के काफिले पर पथराव भी किया गया, जिससे कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। आरोप है कि कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस और केंद्रीय बल को स्थिति संभालने के लिए तैनात किया गया।
दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हिंसा का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, कुछ इलाकों में लोगों ने सड़क जाम कर विरोध भी किया, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई।
इससे पहले भी इलाके में तनाव बना हुआ था। नाओदा क्षेत्र में एक दिन पहले बम विस्फोट की घटना सामने आई थी, जिसके बाद माहौल पहले से ही संवेदनशील था।
फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।





