लखनऊ में महिला आरक्षण विधेयक पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री योगी बोले-महिला विरोधी दलों के खिलाफ आक्रोश

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के महिला-विरोधी रवैये के खिलाफ जनआक्रोश पदयात्रा बताया।

मुख्यमंत्री आवास से विधानसभा तक पैदल मार्च और महिला जनआक्रोश रैली निकाली गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा समेत कई नेता शामिल हुए।

पदयात्रा में मंत्री और सहयोगी दलों के नेता आशीष पटेल और ओमप्रकाश राजभर भी शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए गए। रैली में शामिल लोग समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। रैली मार्ग पर कई स्थानों पर पोस्टर लगाए गए थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पदयात्रा देशभर में महिलाओं के आक्रोश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के मन में विपक्षी दलों के खिलाफ नाराजगी है और बड़ी संख्या में महिलाएं इस रैली में शामिल हुई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का चेहरा अलोकतांत्रिक और महिला-विरोधी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के समर्थन में इतनी भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जो जनसमर्थन को दर्शाता है।

रैली को देखते हुए शहर के कई मार्गों पर यातायात परिवर्तित किया गया था। साथ ही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह चिकित्सीय शिविर और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई थी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button