महिला आरक्षण बिल पर तेजस्वी यादव का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमला, बोले- परिसीमन की आड़ में हो रही राजनीति

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महिला आरक्षण बिल 2026 को लेकर केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को खुद बिल ठीक से समझ नहीं आया है और सरकार महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रही है।
तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन बिल को लागू करने में हो रही देरी और परिसीमन (डीलिमिटेशन) को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर महिलाओं को आरक्षण देना है तो 50% आरक्षण दिया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की राजनीति की जा रही है। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि जब पहले ही बिल पास हो चुका था तो इसे लागू करने में इतनी देरी क्यों की गई।
सीएम सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री तो बन गए हैं, लेकिन फैसले कहीं और से लिए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राज्य को चलाने के लिए बाहर से निर्देश आ रहे हैं।
इसके अलावा तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर महिलाओं का सम्मान न करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी ने चुनावों में सबसे ज्यादा महिलाओं को टिकट दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार की नीयत साफ नहीं है।





