महिला आरक्षण बिल गिरने पर PM मोदी नाराज़, बोले-‘विपक्ष ने महिलाओं को हराया’

नई दिल्ली। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास न होने के बाद सियासत तेज हो गई है। शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के रवैये पर कड़ी नाराज़गी जताई।
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष ने इस बिल का समर्थन न करके बड़ी गलती की है और इसका राजनीतिक असर आगे देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस मुद्दे को गांव-गांव तक लेकर जाएगी और लोगों के सामने विपक्ष की मंशा उजागर करेगी।
पीएम मोदी के अनुसार, महिला आरक्षण का विरोध कर विपक्ष ने सरकार को नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं को नुकसान पहुंचाया है।
दरअसल, शुक्रवार को महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पर लोकसभा में 21 घंटे चर्चा के बाद वोटिंग हुई थी। 528 सांसदों ने मतदान किया, जिसमें 298 वोट पक्ष में और 230 विपक्ष में पड़े। लेकिन दो-तिहाई बहुमत (352 वोट) न मिलने के कारण बिल 54 वोट से गिर गया।
इधर, बिल पास न होने के विरोध में बीजेपी ने देशभर में प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। दिल्ली में भी पार्टी नेताओं ने विरोध जताते हुए विपक्ष पर महिला सशक्तिकरण के मुद्दे को राजनीति का शिकार बनाने का आरोप लगाया।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए इसे महिलाओं के साथ “धोखा” बताया और कहा कि आने वाले चुनावों में इसका जवाब मिलेगा।





