यूपी पंचायत चुनाव 2026 टलने के आसार, वोटर लिस्ट में देरी से अटकी प्रक्रिया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 तय समय पर होना मुश्किल नजर आ रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग की नई अधिसूचना के मुताबिक अंतिम मतदाता सूची 10 जून 2026 को जारी होगी, जिससे चुनाव में देरी की संभावना बढ़ गई है।
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 21 अप्रैल से 28 मई तक मतदाता सूची का डुप्लीकेशन हटाने और कंप्यूटरीकरण का काम होगा। इसके बाद 29 मई से 9 जून तक मतदान केंद्र तय किए जाएंगे और सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पंचायतों का मौजूदा कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में अंतिम वोटर लिस्ट इसके बाद जारी होने से समय पर चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा।
इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने देरी के लिए समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सपा के कारण यह मामला कोर्ट में गया, जिससे पूरी प्रक्रिया रुक गई है।
राजभर ने कहा कि सरकार चुनाव समय पर कराना चाहती थी, लेकिन हाई कोर्ट में लंबित याचिका के चलते प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। अब कोर्ट के फैसले के बाद ही चुनाव की अगली तारीख तय होगी।





