मुंगेली जिला पंचायत में विवाद: अध्यक्ष ने उप अभियंता पर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच के आदेश

मुंगेली। जिला पंचायत मुंगेली में उस समय विवाद बढ़ गया, जब अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने उप अभियंता सोनल जैन के खिलाफ कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत दी।

शिकायत में अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 16 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे सोनल जैन उनके चेंबर में आईं और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए दुर्व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि इस घटना से वे मानसिक रूप से आहत हुए और कामकाज भी प्रभावित हुआ।

अध्यक्ष ने उप अभियंता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर जिला पंचायत कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

वहीं उप अभियंता सोनल जैन ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें पिछले कुछ महीनों से परेशान किया जा रहा है और अधूरे कामों के बिल पास करने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास कॉल रिकॉर्डिंग समेत कई सबूत मौजूद हैं।

इस मामले पर कलेक्टर कुंदन कुमार और एसपी भोजराम पटेल ने कहा है कि शिकायत मिली है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button