बंगाल चुनाव में BJP का बड़ा वादा, सत्ता में आए तो लागू करेंगे समान नागरिक संहिता (UCC)

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बड़ा चुनावी वादा किया है। पार्टी ने ऐलान किया है कि अगर बंगाल में सरकार बनी तो समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए यह घोषणा की।
अमित शाह ने कहा कि समान नागरिक संहिता भाजपा की लंबे समय से चली आ रही वैचारिक प्रतिबद्धता है और इसका उद्देश्य देश में एक समान कानून लागू कर भेदभाव खत्म करना है। उन्होंने कहा कि यह कदम संविधान की भावना को मजबूत करेगा और सभी नागरिकों को समान अधिकार देगा।
भाजपा लंबे समय से UCC को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल करती रही है। राम मंदिर और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों को पूरा करने के बाद अब पार्टी समान नागरिक संहिता को भी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन की राजनीति के कारण इसे लागू करने में चुनौतियां रही हैं।
इसी वजह से भाजपा अब राज्यों के जरिए UCC लागू करने की रणनीति पर काम कर रही है। उत्तराखंड में UCC लागू हो चुका है और गुजरात में भी कानून पारित किया गया है। अब बंगाल और असम जैसे राज्यों में भी इसे लागू करने का वादा किया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा की यह रणनीति राज्यों के जरिए धीरे-धीरे पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकती है।





