पार्किंग का गलत इस्तेमाल करने पर तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, पार्किंग स्थल सील

शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए नगर निगम ने अतिक्रमण और नियम उल्लंघन के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। सरकंडा क्षेत्र में पार्किंग स्थलों का गलत उपयोग करने वाले तीन बड़े प्रतिष्ठानों की पार्किंग को सील कर दिया गया है।
जांच में पाया गया कि कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपनी पार्किंग का उपयोग वाहनों के लिए नहीं कर रहे थे, बल्कि उसे गोदाम, सर्विसिंग सेंटर और अन्य गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। इससे ग्राहकों को सड़क पर वाहन खड़े करने पड़ रहे थे, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बढ़ रही थी।
कार्रवाई के दौरान एक प्रतिष्ठान की पार्किंग में बाइक सर्विसिंग और नए वाहनों का स्टोरेज पाया गया। वहीं एक अन्य स्थान पर पार्किंग को कोचिंग संस्थान को किराए पर दिया गया था। एक और प्रतिष्ठान में पार्किंग स्थल का उपयोग गोदाम के रूप में किया जा रहा था।
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पार्किंग स्थलों को सील कर दिया। साथ ही कुछ स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए ढांचे को हटाने की कार्रवाई भी की गई।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के उल्लंघन से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी परेशानी होती है। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





