रायपुर क्लब में लेट नाइट पार्टी पर विवाद, इन्फ्लुएंसर्स द्वारा शराब परोसने का VIDEO वायरल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक नाइट क्लब में आयोजित लेट नाइट पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में कुछ इन्फ्लुएंसर्स और कलाकार युवाओं को शराब परोसते नजर आ रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला सेरीखेड़ी इलाके स्थित एक क्लब का बताया जा रहा है, जहां रविवार देर रात तक पार्टी चलती रही। वीडियो में तेज म्यूजिक, भीड़ और खुलेआम शराब परोसने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी में मुंबई से आए कलाकार भी शामिल थे, जो लोगों को ड्रिंक्स सर्व करते दिखे।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। क्लब प्रबंधन से पूछताछ की गई है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इलाके में इस तरह की लेट नाइट पार्टियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, नाइट क्लब संचालन के लिए प्रशासन द्वारा समय सीमा तय होती है, जिसके बाद गतिविधियां बंद करनी होती हैं। इसके बावजूद देर रात तक पार्टी चलने की बात सामने आने से नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित क्लब प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।





