बिहार में सियासी हलचल तेज, नीतीश के इस्तीफे की अटकलों के बीच नए मुख्यमंत्री को लेकर मंथन

बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव की आहट तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे और नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले सकते हैं। इसके बाद पटना में विधायक दल की बैठक बुलाकर नए नेता का चयन किया जाएगा, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, 12 अप्रैल को होने वाली बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। यह बैठक बिहार की सत्ता के अगले चेहरे को तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
इसी बीच, दिल्ली में शीर्ष स्तर पर भी बैठक की चर्चा है, जिसमें राज्य के नेतृत्व को लेकर सहमति बनाई जा सकती है। माना जा रहा है कि अप्रैल के मध्य तक नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नाम सामने आ रहे हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है, हालांकि अन्य नेताओं के बयान और राजनीतिक संकेत अलग-अलग दिशा में इशारा कर रहे हैं।
करीब दो दशकों तक बिहार की सत्ता संभालने वाले नीतीश कुमार ने हाल ही में विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से ही राज्य में राजनीतिक अटकलों का दौर शुरू हो गया है और नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।





