शादी के लिए टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे ड्रामा के बाद उतरा तो पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 40 फीट ऊंचाई पर बैठकर उसने नीचे कूदने की धमकी दी और चार घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र की है, जहां 27 वर्षीय युवक सुबह टावर पर चढ़ गया। उसने साफ कहा कि अगर उसकी शादी मनपसंद लड़की से नहीं कराई गई तो वह टावर से कूद जाएगा। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और परिजन पहुंचे और उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों ने युवक को शादी कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह खुद ही टावर से नीचे उतर आया। हालांकि नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि युवक का गांव की ही एक युवती से कथित प्रेम संबंध था, लेकिन युवती ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया। युवती ने युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और परेशान करने की शिकायत भी दर्ज कराई है।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।





