दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बनाया नया कीर्तिमान, 29,493 करोड़ रुपये माल राजस्व के साथ देश में नंबर वन

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भारतीय रेलवे में अपनी नंबर वन स्थिति बरकरार रखते हुए नया कीर्तिमान बनाया है। जोन ने वित्तीय वर्ष समाप्त होने से 10 दिन पहले यानी 21 मार्च को 29,493.59 करोड़ रुपये का सर्वाधिक ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू अर्जित कर रिकॉर्ड बनाया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल ढुलाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है और भारतीय रेलवे में सर्वाधिक ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू अर्जित करने वाला जोन बनकर उभरा है। इस वर्ष भारतीय रेलवे के कुल माल राजस्व में इसका 17.13 प्रतिशत योगदान रहा है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.6 प्रतिशत (करीब 1026 करोड़ रुपये) अधिक है।
20 मार्च को जोन ने 354 दिनों में अब तक का सर्वाधिक एनटीकेएम (नेट टन किलोमीटर) हासिल किया और 22 मार्च तक 146.75 बिलियन नेट टन किलोमीटर का आंकड़ा पार कर भारतीय रेलवे में पहला स्थान प्राप्त किया। यह पिछले वर्ष की तुलना में 5.4 बिलियन नेट टन किलोमीटर (3.8 प्रतिशत) अधिक है।
जोन में अधोसंरचना विकास के कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। कई महत्वपूर्ण रेल खंडों में तीसरी और चौथी रेल लाइनों की कमीशनिंग की गई है, जिससे माल यातायात सुगम हुआ है और समयबद्धता में सुधार आया है। यह उपलब्धि अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, कुशल संचालन और उन्नत प्रबंधन का परिणाम बताई गई है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए त्योहारों और छुट्टियों के दौरान विशेष ट्रेनें भी चलाई गईं, ताकि अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और यात्रियों को आरक्षित सीट और बर्थ की सुविधा मिल सके। जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के निर्देशन में यह उपलब्धि हासिल की गई।





